बिलासपुर। बेटी की शादी के लिए बैंक से लोन लेने पहुंचे ग्रामीण के खाते से ठग ने 2 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी किया है। आरोपी युवक ने पीडि़त के परिचित होने का फायदा उठाकर मदद का झांसा दिया और उसकी पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए। इसके बाद फर्जी हस्ताक्षर कर उसके बैंक खाते से राशि निकाली ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा ने बताया कि आंकडीह गांव के रहने वाले भुनेश्वर दास (44) की पहचान मस्तूरी तहसील कार्यालय में सरगंवा गांव के रूपचंद मनहर (47) से हुई थी। भुनेश्वर को अपनी बेटी की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। रूपचंद ने भुनेश्वर को बैंक से लोन दिलाने में मदद करने की बात कही। वह उसे एक्सिस बैंक की जयरामनगर शाखा ले गया। जमीन के दस्तावेजों के आधार पर भुनेश्वर के नाम पर 4.50 लाख रुपए का लोन मंजूर हुआ। 20 मार्च 2025 को रूपचंद ने बैंक में जांच के बहाने भुनेश्वर की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए। रूपचंद ने चेक पर भुनेश्वर के फर्जी हस्ताक्षर किए और खाते से 2.50 लाख रुपए निकाल लिए। भुनेश्वर को इसकी जानकारी काफी समय तक नहीं हुई। जब वह अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक से पैसे निकालने पहुंचा, तब उसे खाते से रकम गायब होने का पता चला। इसके बाद उसने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पूछताछ में रूपचंद ने रुपए निकालने और खर्च करने की बात स्वीकार की। आरोपी रूपचंद मनहर आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ मस्तुरी थाने में पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण वर्ष 2025 से उसका नाम गुंडा बदमाश सूची में भी शामिल है। पुलिस उसके पुराने मामलों की जानकारी न्यायालय को देने की कार्रवाई कर रही है।
ग्रामीण के खाते से ढाई लाख पार, आरोपी युवक गिफ्तार
Read Time:2 Minute, 51 Second