बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लेने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने मस्तूरी विकासखंड की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचान स्वास्थ्य विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुकुर्दिकला में निरीक्षण के दौरान लेप्रोसी स्क्रीनिंग अभियान में पात्र आबादी की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने और टीबी स्क्रीनिंग में तेजी लाने को कहा। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आवश्यक जांच, नियमित फॉलोअप और सुरक्षित प्रसव के लिए समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड तैयार करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पात्र व्यक्तियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग पूरी करने के निर्देश दिए। 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगाने, एचबी स्क्रीनिंग पूरी करने तथा संस्थागत प्रसव और टीकाकरण की स्थिति में सुधार लाने को कहा। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोधरा का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकुर्दिकेरा में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बाउंड्री वॉल की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारी को दिए। डॉ. गरेवाल ने कहा मैदानी स्तर पर नियमित स्क्रीनिंग, फॉलोअप और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग जरूरी है।
स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता: डॉ. गरेवाल
Read Time:3 Minute, 14 Second