बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के बीएलसी (लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण) घटक के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य में तेजी लाने नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। घुरू और तिफरा क्षेत्र में उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए योजना के तहत प्राप्त अनुदान का सदुपयोग करते हुए अपने आवास का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की अपील की। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 की मियाद 30 सितबंर 2026 तक है। इसके बाद इस योजना के तहत किसी भी प्रकार का कोई अनुदान जारी नहीं होगी। इसलिए इस योजना के हितग्राहियों से जल्द से जल्द कार्य की गति बढ़ाने और पूर्ण करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि समय रहते शेष राशि हितग्राहियों को मिल सकें। निगम कमिश्नर सर्वे ने ऐसे हितग्राहियों से विशेष रूप से चर्चा की, जिन्होंने योजना के अंतर्गत प्रथम व द्वितीय किस्त प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य को बीच में रोक दिया है। उन्होंने हितग्राहियों को समझाइश देते हुए कहा कि योजना के तहत मिलने वाली शेष किस्तों का लाभ लेने के लिए आवास निर्माण कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाकर जल्द से जल्द पूर्ण करें। आयुक्त ने ऐसे हितग्राहियों से भी चर्चा की, जिनका योजना के तहत चयन व अनुदान स्वीकृत हो चुका है, लेकिन उनके द्वारा अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। कमिश्नर ने उन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया। निगम कमिश्नर ने हितग्राहियों की समस्याओं व निर्माण कार्य में आ रही दिक्कतों की जानकारी भी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को स्वयं का पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए स्वीकृति एवं अनुदान प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य को लंबित रखना हितग्राही के हित में नहीं है। निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने हितग्राहियों से अपील की कि वे योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग आवास निर्माण में करते हुए अपने सपनों के घर को जल्द पूरा करें और शेष किस्तों का लाभ प्राप्त करें। निगम द्वारा बीएलसी घटक के आवासों की प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान निगम के अधीक्षण अभियंता एसपी साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पीएम आवास के हितग्राहियों की आयुक्त ने ली जानकारी
Read Time:3 Minute, 54 Second