बिलासपुर। छात्राओं के साथ कथित यौन दुव्र्यवहार के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को बिलासपुर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई। यह विरोध कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ कथित दुव्र्यवहार के गंभीर आरोपों के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में शामिल महापौर पूजा विधानी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में राजनीतिक पक्षपात से बचने की आवश्यकता पर जोर दिया। भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और बालिकाओं की सुरक्षा समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगने की स्थिति में पारदर्शी जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर चंदना गोस्वामी, बिंदु कछवाहा, मंजुला सिंह, जयश्री चैकसे, श्रद्धा तिवारी, रीना गोस्वामी, रीता भामरा, प्रतिभा मिश्रा सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। महिला मोर्चा ने महिलाओं और छात्राओं के सम्मान एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहने की बात कही। बिलासपुर शहर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्नेहलता शर्मा और ग्रामीण जिलाध्यक्ष गायत्री साहू ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज और व्यवस्था की जिम्मेदारी है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही निर्धारित होनी चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया कानून के अनुरूप होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के सामने विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित मामले में जवाबदेही तय करने और उचित कार्रवाई की मांग दोहराई।
छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने की जरूरत
Read Time:3 Minute, 5 Second