• Thu. Oct 22nd, 2026

2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में मनेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव

0 0
Read Time:3 Minute, 59 Second

बिलासपुर। धान खरीदी की तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे, इसे लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं 5 नवंबर से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में आवेदकों की संतुष्टि को प्राथमिकता देने और राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय राज्योत्सव 2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। शासकीय कार्यालयों में 1 से 3 नवंबर तक रोशनी की जाएगी। सीईओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान संदीप अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं शिकायतों के निराकरण की निगरानी कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारी आवेदकों से सीधे बात कर उनकी समस्याएं समझें और निराकरण के बाद उन्हें इसकी जानकारी भी दें। उन्होंने स्पेशल क्लोजर वाले प्रकरणों का अनुपात 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होने देने के निर्देश दिए।  धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 14 नई समितियों सहित कुल 130 समितियों के माध्यम से खरीदी की जाएगी। नई समितियों के लिए स्थल चयन कर लिया गया है। सीईओ ने कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था, खरीदी केंद्रों की साफ-सफाई और तराजू-बांट सहित निर्धारित 35 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियों की समीक्षा करने को कहा। खाद्य अधिकारी ने बताया कि नए बारदाने मिल चुके हैं और मिलर बारदानों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सभी तैयारियां 5 नवंबर से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम जनमन, ई-ऑफिस, उच्च न्यायालय में जवाब-दावा प्रस्तुत करने वाले प्रकरणों और मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने, ई-कर्मयोगी के निर्धारित प्रशिक्षण पूरे करने और एसडीएम को अपने अनुविभाग में नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान पूर्ण हो चुके कार्यों के ठेकेदारों का भुगतान शीघ्र करने को कहा गया। भुगतान की प्रगति में जिले के पिछडऩे पर संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
भूपेन्द्र पाण्डेय

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *