रायपुर। स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के नाम पर चौथी कक्षा के छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाकर काटने का मामला सामने आया है। रायपुर के पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में हुई इस घटना के बाद बच्चा मानसिक परेशानी से जूझने लगा और स्कूल जाने से डरने लगा। परिजनों की शिकायत और शिक्षा विभाग की जांच के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने स्कूल की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला 15 अक्टूबर 2025 का है। शिकायत के अनुसार, बाल काटे जाने की घटना का बच्चे पर प्रतिकूल असर पड़ा। उसे नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने में डर जैसी समस्याएं होने लगीं। धन्वंतरी अस्पताल की 5 जून 2026 की चिकित्सकीय रिपोर्ट में भी इन परेशानियों का उल्लेख किया गया है। अप्रैल 2026 में परिजनों ने बच्चे का दाखिला दूसरे स्कूल में करा दिया। शिक्षा विभाग के निर्देश पर दो प्राचार्यों की टीम ने 31 जुलाई 2026 को स्कूल पहुंचकर जांच की। टीम ने छात्र, उसके माता-पिता, प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान छात्र ने होमवर्क अधूरा होने पर गणित के शिक्षक अजय कुमार देवांगन पर कान मरोड़ने का भी आरोप लगाया। शिक्षक ने शारीरिक दंड देने से इनकार किया, जबकि प्राचार्य ने बच्चों के बाल व्यवस्थित कराने की बात स्वीकार की। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।
चोटी काटने के बाद स्कूल जाने से डरने लगा चौथी का छात्र
Read Time:2 Minute, 33 Second