बिलासपुर। शहर की सडक़ पर आधी रात कार खड़ी कर जन्मदिन मनाना और आतिशबाजी करना भारी पड़ गया। रिवर व्यू रोड पर हुए इस सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का जन्मदिन मनाने का यह वीडियो पहले रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटनास्थल बिलासपुर का रिवर व्यू रोड निकला। वायरल वीडियो में कार की डिक्की खोलकर केक और जन्मदिन का टैग रखा दिखाई दे रहा है। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में सडक़ पर आतिशबाजी की तैयारी करते एक युवक को भी देखा जा सकता है। सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इस दौरान सडक़ पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। अमित ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने कार नंबर ष्टत्र-04-हृङ्घ-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। सार्वजनिक सडक़ों पर जन्मदिन मनाने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने की घटनाओं पर हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। ऐसे मामलों में कार्रवाई और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। सडक़ पर इस तरह का सेलिब्रेशन न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित करता है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करता है।
सडक़ पर बर्थडे पार्टी से आवागमन बाधित, एफआईआर
Read Time:2 Minute, 38 Second