बिलासपुर :— स्थानीय सभागार में दोपहर आयोजित छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ की बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचित नई कार्यकारिणी के गठन के बाद पहली औपचारिक बैठक थी, जिसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि संगठन के संस्थापक संरक्षक शंकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में पत्रकारों के हित में बेहतर कार्य करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह संगठन एक परिवार की तरह है, और सभी के सहयोग से इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल और महासचिव भूपेन्द्र पाण्डेय ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने ने विशेष रूप से अनुशासन समिति के गठन पर जोर देते हुए कहा कि आगामी एक माह के भीतर इसका गठन सुनिश्चित किया जाए। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने भी अनुशासन समिति के गठन के साथ-साथ पूरे प्रदेश में सघन सदस्यता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। बैठक में जैजैपुर से शामिल प्रदेश संगठन सचिव छोटा भाई एवं हेमंत निर्मलकर ने भी अपने विचार रखे और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आगामी मई माह में शिवनी में एक बड़े सम्मेलन के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी, प्रदेश महासचिव भूपेन्द्र पाण्डेय, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र यादव, प्रदेश सहसचिव अनिल श्रीवास, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रतीक मिश्रा, प्रदेश संगठन सचिव छोटा भाई, मस्तूरी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद बघेल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत निर्मलकर, एनके झा, हेमंत कुमार सोनी, आमिर खान, संजय चांवला, अनिश गंधर्व सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।