• Fri. Apr 17th, 2026

बिल्हा में जनसमस्या शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

0 0
Read Time:5 Minute, 56 Second

बिलासपुर // बिल्हा ब्लॉक के ग्राम धौराभांठा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए ग्रामीणों को सीधे लाभ पहुंचाया गया। प्रशासन ने गांव में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया। शिविर में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक, जिला पंचायत सदस्य श्री गोविंद यादव, श्रीमती अनिता राजेंद्र शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी, जनपद सीईओ श्री कुमार सिंह लहरे, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शिविर में कुल 209 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। 

 

   बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर शासन की संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण है, जहां सरकार केवल योजनाएं बनाकर नहीं, बल्कि खुद गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझ रही है और समाधान दे रही है। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक शिविर नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास का सेतु है।” उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का समय और मेहनत अनमोल है, इसलिए सरकार ने यह पहल की है कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े। आज शासन आपके द्वार पर खड़ा है, आपकी हर छोटी-बड़ी समस्या को अपनी जिम्मेदारी मानकर उसका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक श्री कौशिक ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे जागरूक बनें, योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता अनुसार लाभ लेकर अपने परिवार और गांव की प्रगति में भागीदार बनें। उन्होंने ग्राम सभा को विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि गांव की जरूरतों को पहचानकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने से ही समृद्धि का रास्ता खुलता है।  

 

   जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि शासन का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचे। जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं, जहां उनकी समस्याओं का सरल, सुलभ और त्वरित समाधान हो रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि योजनाओं की जानकारी और जनभागीदारी से ही वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने बताया शिविर में कई मामलों का तत्काल निराकरण किया जा रहा है, जबकि बड़े कार्यों को परीक्षण और बजट प्रावधान के अनुसार चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाता है। उन्होंने ग्राम सभा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जल संरक्षण, पौधारोपण और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। 

 

 

 

 

*हितग्राहियों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित -*

 

शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत मान्या दिवाकर को 20 हजार रूपये की राशि का चेक, डिगेश्वरी ठाकुर और मधु ठाकुर को श्रमिक कार्ड का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दुलोरिन बाई, सुन्ती बाई यादव, प्रमिला बाई, संतोष कुमार निषाद और अनुपा निषाद को आवास की प्रतिकात्मक चाबी प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा श्री विजय मनहर, श्री गौरी शंकर, श्री खेलावन, श्री राम साहू और श्री धनऊ राम को पेंशन स्वीकृति आदेश का वितरण किया गया। इसी प्रकार खाद्य विभाग द्वारा राशनकार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड का वितरण, राजस्व विभाग द्वारा किसान किताब का वितरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
भूपेन्द्र पाण्डेय

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *