• Sun. May 10th, 2026

सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं पहुंच रहीं अंतिम व्यक्ति तक : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बानाबेल समाधान शिविर में 169 आवेदन प्राप्त, 877 हितग्राहियों को मिला त्वरित लाभ

0 0
Read Time:8 Minute, 41 Second

बिलासपुर :— सुशासन तिहार के अंतर्गत कोटा विकासखंड के ग्राम बानाबेल में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में जनसमस्याओं के निराकरण, योजनाओं के लाभ वितरण एवं हितग्राहियों से सीधा संवाद का प्रभावी आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद श्री तोखन साहू ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ गांव-गांव में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण और योजनाओं के लाभ के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।शिविर में कुल 169 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 152 मांग संबंधी और 17 शिकायत संबंधी प्रकरण शामिल रहे। इनमें मांग संबंधी 17 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

श्री तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए कि हर पात्र हितग्राही तक इनका लाभ पहुंचे, सुशासन तिहार के तहत 40 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के पंच से लेकर मुख्यमंत्री तक और भृत्य से लेकर सचिव स्तर तक अधिकारी इस अभियान से जुड़े हैं, जो शासन की गंभीरता को दर्शाता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों के छोटे-छोटे कार्यों का भी समयबद्ध निराकरण होना चाहिए। विशेष रूप से राजस्व प्रकरणों जैसे सीमांकन, बंटवारा एवं नामांतरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता ही सुशासन की पहचान है। श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जनता की आवश्यकताओं और कठिनाइयों को समझते हैं, इसलिए गरीबों के लिए खाद्यान्न सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आगामी बरसात के मद्देनजर तीन माह का राशन अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शासन गरीब, किसान, महिला, युवा और बुजुर्ग सभी वर्गों की चिंता कर रहा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आधी आबादी को सुविधाएं और सम्मान देना शासन का संकल्प है। इसी सोच के तहत घर-घर शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया है।

शिक्षा की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री श्री साहू ने कहा कि जिले के परीक्षा परिणामों में इस वर्ष गिरावट आई है, जिसे अगले वर्ष बेहतर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में स्थान प्राप्त करे, इसके लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और जनभागीदारी आवश्यक है। स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति के पास आयुष्मान कार्ड होना चाहिए। गांव-गांव में कैंप लगाकर कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी ऐसे कैंपों में शामिल होना चाहेंगे।

प्रभारी सचिव एवं अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने कहा कि सुशासन केवल शिविरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे 365 दिन शासकीय कार्यप्रणाली में परिलक्षित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कहीं कोई अंतराल है, तो उसे दूर करते हुए सभी पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पानी प्रकृति का अनमोल उपहार है, जिसका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

बानाबेल सुशासन शिविर के दौरान 877 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिया गया। इनमें महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी, बीपी एवं शुगर जांच, सिकल सेल जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सेवाएं शामिल रहीं। श्रम विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को 1.40 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए तथा एक दर्जन श्रमिकों का पंजीयन कर कार्ड वितरित किए गए। जिला सहकारी बैंक द्वारा 120 किसानों को 58 लाख रुपए की केसीसी ऋण सीमा स्वीकृत की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के 3 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत महिला समूहों को लगभग 1 करोड़ रुपए के ऋण एवं अनुदान स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। 5 आदिवासी किसानों को अनुदान पर सिंचाई हेतु लपेटा पाइप प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चों का अन्नप्राशन एवं 8 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।शिविर में सबसे अधिक 40 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनीश सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सूरज भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य निरंजन पैकरा, सरपंच लखन पैकरा, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर समस्या समाधान, योजनाओं की जानकारी और त्वरित लाभ वितरण की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए सुशासन तिहार को जनहितकारी पहल बताया।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
भूपेन्द्र पाण्डेय

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed