बिलासपुर। गणेश चौक स्थित सूने मकान में विंडो एसी निकालकर घुसे चोरों ने 2.15 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पुलिस और एसीसीयू ने महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। चोरी के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर अपराधी नहीं, बल्कि कचरा बीनने वाले नाबालिग निकले। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.60 लाख रुपए नकद समेत चोरी का अधिकांश सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई को परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे। घर की सुरक्षा के लिए रात में गार्ड भी तैनात किया गया था। 23 जुलाई की रात गार्ड ने मकान के पीछे लगी विंडो एसी को निकला हुआ देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। घर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि चोर विंडो एसी हटाकर मकान के अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने आलमारी की चाबी से ताला खोला और नकदी व जेवर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। घर के मालिक के लौटने के बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोर करीब 2.15 लाख रुपए नकद, ब्लू स्टोन, तीन कस्तूरी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने एसीसीयू की टीम को जांच में लगाया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 9, 10 और 13 वर्ष के तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 1.60 लाख रुपए नकद, 4,500 रुपए के पुराने बंद हो चुके नोट, सोने-चांदी के जेवर, बहुमूल्य रत्न, पीतल-कांसे के बर्तन और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा नल की टोंटियां, सिटकनी, कब्जे और अन्य धातु की वस्तुएं भी बरामद हुई हैं। प्रार्थी ने बरामद सामान की पहचान कर ली है।
विंडो एसी निकालकर 3 नाबालिगों ने उड़ाए 2.15 लाख के कैश-जेवर
Read Time:3 Minute, 0 Second