बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के संज्ञान के बाद सिम्स के आसपास बढ़ती यातायात व पार्किंग संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात पुलिस, नगर निगम व सिम्स प्रबंधन के अधिकारियों ने आपसी समन्वय स्थापित कर स्थायी व प्रभावी यातायात व्यवस्था विकसित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में सिम्स के समीप रिवर व्यू रोड से सदर बाजार की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अनियोजित रूप से खड़े वाहनों, सडक़ किनारे संचालित गुमटियों व ठेलों, निजी एम्बुलेंसों की अव्यवस्थित पार्किंग व आसपास की दुकानों में आने वाले लोगों द्वारा सडक़ पर वाहन खड़े किए जाने से उत्पन्न जाम की समस्या पर गंभीर चर्चा की गई। अधिकारियों ने माना कि इस स्थिति के कारण सिम्स में आने वाले गंभीर मरीजों, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं व अन्य आपातकालीन मरीजों को समय पर चिकित्सालय तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बैठक में सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति, एमएस डॉ. लखन सिंह, यातायात डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार, एएसपी रामगोपाल करियारे, नगर निगम के जोन कमिश्नर अंकुर पांडे उपस्थित रहे। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि अस्पताल क्षेत्र को पूर्णत: आपातकालीन सेवाओं के अनुरूप सुगम व बाधारहित बनाया जाए। इसके लिए पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन, निजी एम्बुलेंसों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था, सडक़ किनारे अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित ठेले-गुमटियों के नियमन, नो-पार्किंग क्षेत्रों का निर्धारण, यातायात संकेतकों की स्थापना, नियमित यातायात निगरानी जैसे बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
सिम्स मार्ग की पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने हटेंगी आसपास की दुकानें
Read Time:2 Minute, 39 Second