बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद मेडिकल कॉलेज सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के मार्गदर्शन में भारत सरकार के नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान व पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान व आयुष विश्वविद्यालय रायपुर के निर्देशों के अनुपालन में बिलासपुर में नशा मुक्ति जागरूकता रैली व संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रोफेसर व मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. एसके नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एमबीबीएस प्रथम से चतुर्थ वर्ष तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में विशेष रूप से प्रथम वर्ष एमबीबीएस के विद्यार्थियों के साथ-साथ बायोकेमिस्ट्री व मनोचिकित्सा विभाग के स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सिम्स परिसर से प्रारंभ हुई यह जागरूकता रैली रिवर व्यू तक निकाली गई। जहां पहुंचकर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया। पूरे मार्ग में युवा शक्ति का यही संदेश, नशामुक्त हो अपना देश व जीवन को अपनाएं नशे को दूर भगाएं जैसे प्रेरणादायी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। इन नारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशे से दूर रहने व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. मनीष साहू विभागाध्यक्ष, बायोकेमिस्ट्री विभाग व डॉ. नागेंद्र, अध्यक्ष, जूनियर चिकित्सक संघ के नेतृत्व में किया गया। आयोजकों ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है। जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ व जागरूक हो। ऐसे जन-जागरूकता अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति का प्रभावी संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने व समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. एसके नायक प्रोफेसर व मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय व सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में डॉक्टर राकेश जांगडे, डॉक्टर अंकित तिवारी, शंकर्षण गुप्ता व अन्य जूनियर डॉक्टर शामिल हुए।
सिम्स ने नशा मुक्ति पर निकाली जन-जागरुकता रैली
Read Time:3 Minute, 49 Second