बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार तडक़े चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने सुरक्षा में तैनात एक गार्ड पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि दूसरे गार्ड को बंधक बना लिया। बदमाश दुकान का लॉकर नहीं तोड़ सके तो करीब 25 हजार रुपये की शराब, गार्ड का मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है। चार नकाबपोश युवक अचानक शराब दुकान पहुंचे और लूटपाट का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गार्ड हरकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर दूसरा गार्ड शैलेंद्र बचाव के लिए पहुंचा तो बदमाशों ने उसे भी काबू कर लिया। इसके बाद दोनों गार्डों को रस्सी से बांधकर दुकान के भीतर घुस गए और कटर से लॉकर तोडऩे का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बावजूद लॉकर नहीं खुलने पर बदमाश शराब की पेटियां, गार्ड का मोबाइल और सीसीटीवी डीवीआर लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दोनों गार्ड किसी तरह बंधन से मुक्त हुए और ग्रामीणों के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस, आबकारी विभाग, एसीसीयू टीम और साइबर एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल गार्ड से पूछताछ के बाद आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि करीब नौ वर्ष पहले भी इसी शराब दुकान में लूट का प्रयास हुआ था। उस दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की थी और बाद में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक बार फिर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आधी रात शराब दुकान पर धावा, गार्ड पर चाकू से हमला
Read Time:2 Minute, 59 Second