बिलासपुर। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याओं और लंबित मामलों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात की। लोगों ने स्कूल भवन, बिजली आपूर्ति, क्षतिग्रस्त मकान, लंबित भुगतान, वेतन और निराश्रित पेंशन से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत बछालीखुर्द के सरपंच ने डबरीपारा मोहल्ले में प्राथमिक शाला के लिए नए भवन की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को करीब एक किलोमीटर दूर कृषि भवन में पढऩे जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गांव में मोबाइल टावर लगाने की मांग भी की, ताकि नेटवर्क की समस्या दूर हो और शासकीय कार्यों के साथ वीबी-जीरामजी के मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी में दिक्कत न हो। लाखासार आवास मोहल्ले के रहवासियों ने 25 केवी के पुराने ट्रांसफार्मर के बार-बार ओवरलोड होकर बंद होने की शिकायत की। उन्होंने बढ़ती आबादी को देखते हुए 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। तखतपुर विकासखंड के धजाराम पटेल ने ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण कार्य की लंबित राशि का भुगतान कराने का आग्रह किया। पचपेड़ी निवासी श्यामलाल ने बारिश में क्षतिग्रस्त हुए मकान की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं सकरी स्थित वन विभाग के शासकीय डिपो में करीब दस वर्षों से सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत बलराम यादव ने 13 माह से लंबित वेतन का भुगतान कराने की गुहार लगाई। तखतपुर ब्लॉक के भरारी (भुण्डा) की महिलाओं ने निराश्रित पेंशन रुकने की समस्या बताकर उसे दोबारा शुरू कराने का आग्रह किया। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनदर्शन में कलेक्टर और एसएसपी ने सुनी लोगों की समस्या
Read Time:3 Minute, 1 Second