बिलासपुर। अभियंता दिवस पर सेवानिवृत्त अभियंताओं ने तकनीकी योगदान के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया। जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स, छत्तीसगढ़ जिला समिति बिलासपुर की ओर से भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में फोरम की ओर से तेजस्विनी कन्या छात्रावास की छह छात्राओं को एक वर्ष के लिए गोद लेने के उद्देश्य से छात्रावास अधीक्षिका को चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा नेपाल बाढ़ आपदा पीडि़तों की सहायता के लिए 11 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की गई। वरिष्ठ अभियंता इं. टीआर देवांगन का शाल-श्रीफल से सम्मान भी किया गया। फोरम के सदस्य इं. आरके दीक्षित ने बताया कि फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस इंडिया ट्रस्ट के माध्यम से 400 निर्धन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति दिलाई गई है। इनमें छत्तीसगढ़ के 200 विद्यार्थी शामिल हैं। फोरम के सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए संरक्षक इं. आरपी शुक्ला ने बताया कि संघरत्न इंजी. सुरेंद्र सिंह टुटेजा की स्मृति में सेंट्रल गुरुद्वारा, गोंडपारा को जनसेवा के लिए शव वाहन और डीप फ्रीजर प्रदान किया गया है। मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अभियंता जल, थल और नभ सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सर विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेने की बात कही। साथ ही सेवानिवृत्त अभियंताओं के अनुभव का लाभ समाज और प्रदेश को मिलने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता हसदेव कछार, जल संसाधन विभाग इं. सुरेश कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने सर विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा स्थापना के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अभियंता सपरिवार मौजूद रहे।
अभियंता राष्ट्र निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका: कलेक्टर
Read Time:3 Minute, 15 Second