बिलासपुर। युवाओं के नए विचारों को व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में बदलने के लिए सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के तहत पहल की जा रही है। इस प्रतियोगिता में चयनित प्रत्येक प्रतिभागी को 10 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। कुल 50 विजेताओं को पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 30 अक्टूबर तक पंजीयन कराया जा सकता है। युवाओं में रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से शासकीय नवीन महाविद्यालय सकरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की प्रक्रिया और नवाचार के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभाग की प्रबंधक रेवती कुमार लहरे और छत्रपाल सिंह बिंझवार ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 10 अलग-अलग क्षेत्रों में नए और उपयोगी विचार आमंत्रित किए गए हैं। प्रत्येक क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस तरह कुल 50 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से समाज और उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान पर आधारित विचार प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से युवा रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं।
नए आइडिया से बदलें भविष्य, 50 विजेताओं को मिलेंगे 5 करोड़ रुपये
Read Time:2 Minute, 4 Second