बिलासपुर। युवाओं को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी प्रतिभा और क्षमता पर भरोसा करना चाहिए। असफलता से घबराने के बजाय उसकी वजह समझकर गलतियों से सीखें और नए उत्साह के साथ प्रयास करें। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी होना चाहिए। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में कही। समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24 हजार 800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। राज्यपाल ने उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता में अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान है। दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में नई जिम्मेदारियों और अवसरों की शुरुआत है। राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक और इंटरनेट ने ज्ञान तक पहुंच आसान बना दी है। युवाओं को इन सुविधाओं का विवेकपूर्ण उपयोग कर अपनी रचनात्मकता और विचारशक्ति विकसित करनी चाहिए। रोजगार के नए अवसरों को देखते हुए अपनी रुचि और क्षमता पहचानना जरूरी है। अभिभावकों को भी बच्चों पर अपनी अपेक्षाएं थोपने के बजाय उनकी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढऩे का अवसर देना चाहिए। हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने निरंतर प्रयास और स्वाध्याय को सफलता का आधार बताया। कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि 12 नए ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं और 35 नए अध्ययन केंद्र खोले गए हैं। वेबसाइट पर 913 शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध हैं। समारोह में विश्वविद्यालय की उन्नत वेबसाइट का लोकार्पण और स्मारिका अभ्युदय का विमोचन भी किया गया। इस दौरान एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
अपनी प्रतिभा पर भरोसा रखें युवा: राज्यपाल
Read Time:2 Minute, 57 Second