रायपुर। प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हो रही बारिश ने धान खरीदी और फसल कटाई की व्यवस्था बिगाड़ दी है। खेतों में कटकर रखी धान की फसल भीग रही है, वहीं उपार्जन केंद्रों में पानी भरने से तौल का काम प्रभावित हो गया है। कई जगह खरीदी बंद होने से टोकन कटवाकर धान बेचने पहुंचे किसानों को बिना उपज बेचे ही वापस लौटना पड़ा। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिला। किसानों के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर खेतों में रखी फसल को खराब होने से बचाना है, तो दूसरी ओर खरीदी केंद्रों तक पहुंचाए गए धान की बिक्री के लिए नई तारीख का इंतजार करना पड़ रहा है। वाहन किराए पर लेकर केंद्र पहुंचे किसानों को अतिरिक्त परिवहन खर्च की चिंता भी सता रही है। रायपुर में कई खरीदी केंद्रों में पानी भरने से तौल रोकनी पड़ी। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश से कटी फसल भीगने के कारण गुणवत्ता खराब होने और अंकुरण की आशंका है। नुकसान की स्थिति बताते हुए कुछ किसान भावुक भी हो गए। दुर्ग जिले में शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए, लेकिन केवल 21 टोकन पर 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण उनकी उपज की तौल नहीं हो पाई। धमतरी के 108 उपार्जन केंद्रों में से केवल आमदी और मगरलोड में खरीदी हो सकी। बिलासपुर के 154 केंद्रों में से अधिकांश में बारिश के कारण तौल प्रभावित रही। रायगढ़ में 112 केंद्रों में से सिर्फ 13 में खरीदी शुरू हो पाई है। वहीं, सरगुजा में मौसम खराब होने के कारण दोपहर बाद सभी केंद्रों में खरीदी बंद कर दी गई। बारिश के बीच पहले से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना भी प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। केंद्रों में धान को तिरपाल और कैप कवर से ढका जा रहा है। पानी निकासी के इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि, लगातार बारिश से खरीदी व्यवस्था के साथ खेतों में कटाई और मिंजाई का काम भी प्रभावित हुआ है। मौसम साफ होने के बाद ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
मौसम की मार से किसानों की बढ़ी परेशानी
Read Time:3 Minute, 10 Second