जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गठित “अवैध खनन टास्क फोर्स” द्वारा बुधवार को थाना जांजगीर क्षेत्र अंतर्गत भादा रेत घाट में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को सीलबंद कराया गया। पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष “अवैध खनन टास्क फोर्स” का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य जिले के विभिन्न रेत घाटों पर लगातार निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है। इसी अभियान के तहत दिनांक 28 मई 2026 को सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टास्क फोर्स की टीम ने भादा रेत घाट क्षेत्र में अचानक छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर चैन माउंटेन मशीन के जरिए अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला खनिज विभाग को मौके पर बुलाया। खनिज विभाग की उपस्थिति में मशीन को नियमानुसार सीलबंद किया गया तथा संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
अवैध खनन में लगी चैन माउंटेन मशीन सीलबंद
Read Time:2 Minute, 25 Second