जांजगीर-चांपा। नवागढ़ पुलिस ने चोरी की नीयत से घर में घुसने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी घटना के दौरान भागने की कोशिश में अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान घटनास्थल पर ही छोड़ गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे दबोच लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोदा में 28 मई की रात करीब 1:30 बजे प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से उनके घर में घुस गया। आरोपी ने पहले घर के बाहर और अंदर लगे जलते हुए बल्ब निकालकर फेंक दिए, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे सके। आहट और आवाज सुनकर शत्रुघ्न करियरे जाग गए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश की। जल्दबाजी में भागते समय आरोपी के दो मोबाइल फोन, गमछा, चप्पल और मोटरसाइकिल मौके पर ही छूट गए। घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले सामान के आधार पर आरोपी की पहचान ग्राम हरदीहरी निवासी सुनील कश्यप (35 वर्ष) के रूप में की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की कोशिश का मामला शीघ्र सुलझ गया।
घर में चोरी की नीयत से घुसा आरोपी गिरफ्तार
Read Time:2 Minute, 33 Second