तखतपुर । अमृत मिशन योजना के तहत नगर में च रहे पाइपलाइन विस्तार कार्य को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई वार्डों के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि नई पाइपलाइन बिछाने के दौरान हुई अव्यवस्थित खुदाई और पुरानी पाइपलाइन को पहुंचे नुकसान के कारण घरों में गंदे एवं मटमैले पानी की सप्लाई हो रही है। इससे लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
वार्ड क्रमांक 7 के निवासी आनंद पांडे ने बताया कि उनके घर में पिछले कई दिनों से नल के माध्यम से गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने इस संबंध में नगर पालिका और वार्ड पार्षद से शिकायत भी की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि पाइपलाइन विस्तार कार्य शुरू होने के बाद से ही यह परेशानी बनी हुई है और कई परिवार इससे प्रभावित हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नई पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई के दौरान कई स्थानों पर पुरानी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है, जिससे जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार का कार्य बसंल इंफ्रास्ट्रक्चर को सौंपा गया है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की अनदेखी करते हुए कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत कार्य भी अधूरा या निम्न गुणवत्ता का किया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों का कहना है कि कार्य की पर्याप्त निगरानी नहीं की गई और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई भी नहीं हुई। इसके कारण लोगों को गंदे पानी की समस्या के साथ-साथ टूटी सड़कों और अव्यवस्थित निर्माण कार्य का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्य शुरू होने के दौरान ठेकेदार द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आर्थिक लाभ पहुंचाया गया, जिससे कार्य में हो रही अनियमितताओं का विरोध नहीं हो रहा है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और संबंधित विभाग से मांग की है कि गंदे पानी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा अमृत मिशन योजना के तहत हुए कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
सीएमओ अमरेश सिंह ने कहा, “कुछ स्थानों पर पाइपलाइन टूटने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद सुधार कार्य कराया गया है। एक-दो जगहों पर कार्य शेष है, जिसकी जल्द जांच कर आवश्यक सुधार कराया जाएगा।”