• Wed. Jun 10th, 2026

नगपुरा से झाला तक सडक़ निर्माण होने से छात्र और ग्रामीणों को मिलेगी राहत

0 0
Read Time:4 Minute, 15 Second

बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी। जनदर्शन में ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरण लाल रजक ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगपुरा से झाला तक सडक़ निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग नगपुरा, धमनी, कड़ार, सेंवार, कया, बुंदेला जैसे गांवों को जोड़ता है तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर और छात्र प्रतिदिन इसका उपयोग करते हैं। सडक़ की जर्जर स्थिति के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्राम बरतोरी निवासी श्रीमती देवकी मानिकपुरी ने कलेक्टर को आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के अपूर्ण कार्य को पूरा कराने की अनुमति देने की मांग की है। आवेदिका ने बताया कि आवास निर्माण का कार्य छत तक पहुंच चुका है, लेकिन न्यायालयीन विवाद और शिकायतों के कारण काम रुक गया है। इससे उन्हें योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मामले का शीघ्र निराकरण कर आवास निर्माण पूरा कराने की अनुमति देने का अनुरोध किया है। मस्तूरी तहसील के दर्राभाठा निवासी रामसरोज ने मनरेगा के तहत किए गए 32 दिनों के कार्य का भुगतान दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि गड्ढा खुदाई सहित विभिन्न कार्यों में मजदूरी करने के बावजूद आज तक उन्हें भुगतान नहीं मिला है। रोजगार सहायक द्वारा आश्वासन देने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया गया। रतनपुर क्षेत्र के करैहापारा निवासी सखाराम ने अपनी कृषि भूमि के सही सीमांकन नहीं होने के संबंध में ज्ञापन देते हुए बताया कि पूर्व में आवेदन देने के बाद भी सही तरीके से सीमांकन नहीं किया गया है। उन्होंने भूमि का पुन: सही सीमांकन कराने कहा। ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरण लाल रजक द्वारा पंचायत की ओर से आवेदन प्रस्तुत कर गांव में नए पशु चिकित्सालय भवन निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। आवेदन में बताया गया कि वर्तमान भवन जर्जर स्थिति में है और कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे पशु चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नगर निगम क्षेत्र के एकता नगर (लिटिल एंजेल गली), सिद्धिविनायक वार्ड क्रमांक-4 घुरू के रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसफार्मर एवं विद्युत खंभे लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
भूपेन्द्र पाण्डेय

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *