बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रविवार को बिलासपुर यार्ड में हाइड्रोलिक रेल टैम्पिंग मशीन के कार्यप्रणाली का प्रदर्शन देखा। आधुनिक मशीन के जरिए रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण और उसकी गुणवत्ता सुधारने की तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महाप्रबंधक को मशीन की तकनीकी खूबियों, संचालन प्रक्रिया और ट्रैक अनुरक्षण में इसकी उपयोगिता के बारे में अधिकारियों ने जानकारी दी। मशीन के माध्यम से ट्रैक में गिट्टी की प्रभावी टैम्पिंग करने तथा ट्रैक की ज्यामिति को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। अधिकारियों ने बताया कि हाइड्रोलिक टैम्पिंग मशीन के इस्तेमाल से ट्रैक अनुरक्षण कार्यों में अधिक सटीकता और दक्षता आती है। इससे ट्रैक की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के साथ अनुरक्षण कार्य में लगने वाले समय और श्रम को भी प्रभावी ढंग से प्रबंधित किया जा सकता है। बेहतर ट्रैक स्थिति से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय, मुख्य ट्रैक अभियंता अखिलेश साहू और वरिष्ठ मंडल अभियंता अरविंद विश्वकर्मा ने मशीन के संचालन और उपयोगिता की जानकारी दी। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आधुनिक तकनीक और उन्नत मशीनरी के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए ट्रैक अनुरक्षण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आधुनिक मशीनरी के उपयोग से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ट्रैक अनुरक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय रेल परिचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। प्रदर्शन के दौरान अपर महाप्रबंधक विजय कुमार, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य इंजीनियर प्लानिंग एंड डिजाइन देव राज, मुख्य इंजीनियर ट्रैक मशीन नीरज कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा जे.एस. मीना, महाप्रबंधक के सचिव प्रदीप मिश्रा, उप महाप्रबंधक (सा.) समीर कांत माथुर सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हाइड्रोलिक टैम्पिंग मशीन से ट्रैक में आएगी मजबूती, महाप्रबंधक ने देखा मशीन का प्रदर्शन
Read Time:3 Minute, 18 Second