बिलासपुर :— नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार बिलासपुर जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की गई। पहले दिन जन-जागरूकता हेतु भव्य रैली निकालकर आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। अग्नि सुरक्षा सप्ताह सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉकयार्ड में एक आयुध से भरे जहाज में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें सैकड़ों लोगों के साथ लगभग 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष यह सप्ताह मनाया जाता है। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के प्रथम दिवस 14 अप्रैल 2026 को जिला बिलासपुर में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को प्रातः 8 बजे उप महानिरीक्षक नगर सेना एवं एसडीआरएफ श्री एल.पी. वर्मा द्वारा मुंगेली नाका चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। संभागीय सेनानी के मार्गदर्शन एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दीपांकूर नाथ के निर्देशन तथा स्टेशन फायर ऑफिसर श्री वेदनारायण सेन के नेतृत्व में रैली का सफल संचालन हुआ। रैली मुंगेली नाका से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, देवकी नंदन चौक, गोल बाजार, गांधी चौक, तारबहार, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार, महाराणा प्रताप चौक, रिंग रोड एवं मंगला चौक होते हुए पुनः मुंगेली नाका पर समाप्त हुई। इसमें नगर सेना, एसडीआरएफ (परसदा एवं बिलासपुर संभाग) एवं अग्निशमन विभाग के लगभग 200 जवानों ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से नागरिकों को आग से बचाव के उपाय, सावधानियां तथा आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी गई। साथ ही पूरे सप्ताह के दौरान रैली, बैनर, पोस्टर, निबंध प्रतियोगिता एवं मॉक ड्रिल जैसे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित कर सहयोग प्रदान करें। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से बचने के उपाय भी बताए गए।