कटघोरा/कोरबा। कोरबा। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं, जिसकी चपेट में आने से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में शहर के रामपुर से लगे ढेंगुरनाला में एक वृद्ध बह गया, जबकि दूसरी घटना में कटघोरा क्षेत्र के एक नाले में बहे ग्रामीण का शव 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया। रामपुर बस्ती के पास स्थित ढेंगुरनाला पार करते समय सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रामपुर बस्ती निवासी गोरे लाल (60 वर्ष) अपनी पत्नी जान बाई (58 वर्ष) के साथ आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे। सोमवार सुबह दोनों बालको बस्ती से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नाला उफान पर था। नाला पार करने का प्रयास करते समय पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे दोनों पैर फिसलने के कारण बह गए। इस दर्दनाक हादसे में गोरे लाल की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जान बाई ने उफनती लहरों के बीच तैरकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दूसरी हृदयविदारक घटना कटघोरा क्षेत्र की है। डिंडोलभाठा गांव के निवासी बंधु लोहार (52 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकडऩे गए थे। लगातार हो रही बारिश के कारण नाले का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया, जिसमें बंधु लोहार बह गए। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह परिजनों ने कटघोरा पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में तेज बहाव के कारण स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू में दिक्कत आने पर तत्काल एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव आड़े आने के कारण अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार 48 घंटे बाद बंधु लोहार का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए कटघोरा थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने आम जनता से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले डूबान क्षेत्रों के पास जाने से बचें। उन्होंने पालकों को सख्त हिदायत दी है कि बच्चों को अकेले पानी के आसपास न जाने दें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे बसे तटीय क्षेत्रों के गांवों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।
उफनते नालों में बहने से दो वृद्धों की मौत, एक महिला ने तैरकर बचाई जान
Read Time:3 Minute, 52 Second