बिलासपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बनी यह धारणा कि इससे बिजली की खपत बढ़ जाती है, बिलासपुर शहर वृत्त के ताजा आंकड़ों से खारिज होती नजर आ रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के जून-जुलाई 2026 के तुलनात्मक अध्ययन में स्मार्ट मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं की खपत में बड़ा बदलाव सामने आया है। जुलाई में 86,568 स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं में से 70,368 यानी करीब 81 प्रतिशत उपभोक्ताओं की मासिक खपत 400 यूनिट तक रही। कंपनी के अनुसार जुलाई 2026 में इन उपभोक्ताओं की कुल बिजली खपत 25.56 मिलियन यूनिट रही, जबकि जून में यह आंकड़ा 35.94 मिलियन यूनिट था। इस तरह एक महीने में कुल खपत में करीब 28.88 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक जून में 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 55,392 थी, जो जुलाई में बढक़र 70,368 हो गई। यानी इस श्रेणी में करीब 27.04 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन उपभोक्ताओं की कुल खपत भी जून के 10 मिलियन यूनिट से बढक़र जुलाई में 12.28 मिलियन यूनिट पहुंच गई। इसके विपरीत 400 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं की संख्या जून के 31,176 से घटकर जुलाई में 16,200 रह गई। इसमें करीब 48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। इस श्रेणी की कुल बिजली खपत भी 25.93 मिलियन यूनिट से घटकर 13.27 मिलियन यूनिट रह गई। सबसे अधिक कमी 600 यूनिट से ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं में दर्ज की गई। इस वर्ग में उपभोक्ताओं की संख्या करीब 60.14 प्रतिशत कम हुई, जबकि बिजली खपत में 53.81 प्रतिशत की गिरावट आई। बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक जून से जुलाई के बीच खपत में आई कमी का एक प्रमुख कारण मानसून के दौरान तापमान में गिरावट है। मौसम सुहाना होने के कारण एयर कंडीशनर, कूलर और दूसरे बिजली उपकरणों का इस्तेमाल कम हुआ। इसका सीधा असर घरेलू बिजली खपत पर पड़ा। बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि जारी आंकड़े स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं की वास्तविक मीटर रीडिंग पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि स्मार्ट मीटर तेज चलने की धारणा सही नहीं है। मीटर वास्तविक विद्युत उपयोग के अनुसार ही खपत दर्ज कर रहा है।
स्मार्ट मीटर का असर, 81 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं की खपत 400 यूनिट तक
Read Time:3 Minute, 24 Second