जांजगीर चांपा :— वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वाधान में छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से पेंडारी जांजगीर चांपा में 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 05 मार्च को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं एवं संभावित उद्यमियों को स्वरोजगार हेतु सक्षम बनाना और उन्हें व्यवसाय की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, परियोजना चयन, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीति, ई-कॉमर्स, प्रोडक्ट डेवलपमेंट तथा व्यवसाय संचालन की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सफल उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक कौशल एवं व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को सुदृढ़ रूप से संचालित कर सकें।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने बताया कि यह पहल राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को न केवल उद्यमिता के सिद्धांत सिखाए जाएंगे, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़ने, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने तथा प्रतिस्पर्धी वातावरण में टिके रहने की रणनीतियों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस 12 दिवसीय प्रशिक्षण में क्षेत्र के कई इच्छुक युवाओं एवं सूक्ष्म उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी। छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र की यह पहल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सक्रिय महिला-श्रीमती हेमिन- विश्वकर्मा, सुनीता कश्यप, नेतराम कश्यप रघु कश्यप के साथ-अन्य उपस्थित रहे। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान से देवेन्द्र साबले, धर्मेंद्र सिंह राजपूत समाजसेवी, विवेक सिंह उद्यमिता प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे|