बिलासपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के विरोध में मंगलवार को भगवा ब्रिगेड, बिलासपुर के तत्वावधान में देवकीनंदन चौक पर आतंकवाद का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ अपना आक्रोश जताया और पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। वक्ताओं ने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भगवा ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से आतंकवाद के समूल उन्मूलन के लिए कठोर एवं प्रभावी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और निर्दोष नागरिकों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।
कुलगाम आतंकी हमले के विरोध में भगवा ब्रिगेड ने फूंका आतंकवाद का पुतला
Read Time:1 Minute, 43 Second