जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के अकलतरा पोस्ट ऑफिस के सहायक डाकपाल को 19 लाख 21 हजार रुपये के गबन और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खाताधारकों के पैसे फर्जी तरीके से निकालकर शेयर मार्केट और जुए में लगाए थे। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह मामला अकलतरा डाकघर में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद सामने आया। एक संयुक्त जांच टीम ने पड़ताल की, जिसमें सहायक डाकपाल संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष, निवासी बलौदा) की ओर से चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन करने का खुलासा हुआ। पीडि़त खाताधारकों की शिकायत पर अकलतरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार मिरी लंबे समय से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था। इसमें लगातार नुकसान होने के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था। उस पर लगभग 20 लाख रुपए से अधिक का कर्ज बताया जा रहा है, जिसमें कई बैंकों और पोस्ट ऑफिस विभाग से लिए गए लाखों रुपये के लोन भी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साल 2021 से शेयर मार्केट में निवेश कर रहा था। नुकसान बढऩे पर उसने ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर उनसे पैसे निकालने शुरू कर दिए। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और शेयर मार्केट एप्लीकेशन ग्रो तथा एंजल वन के डीमैट अकाउंट स्टेटमेंट जब्त किए हैं। जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि उसने लगभग 40 लाख रुपये शेयर मार्केट में गंवाए थे और गबन की गई रकम का उपयोग लोन चुकाने के लिए किया। अकलतरा पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार मिरी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
शेयर मार्केट नुकसान, सहायक डाकपाल ने किया 19.21 लाख गबन
Read Time:2 Minute, 45 Second